उधमपुर। जिले में कोरोना वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में फिर से बढ़ोतरी होने लगी है। सोमवार को जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में तीन हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई। वैक्सीन लगवाने के लिए लोग सुबह से दोपहर तक लंबी कतारों में लगे रहे। कई लोगों को बिना वैक्सीन लगवाए वापस लौटने पड़ा। इनको मंगलवार को वैक्सीन लगाने का आश्वासन दिया गया है।
जिले में लगातार वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को पहली डोज लगाई जा रही है तो अब सैकड़ों की संख्या में 45 से अधिक आयु वर्ग के लोगों को दूसरी डोज लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की भी लोगों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने को वैक्सीन लगवाने के लिए लगातार जागरूक रहा है। इसी के चलते हर रोज वैक्सीन लगवाने के लिए हजारों लोग वैक्सीन सेंटरों में पहुंच रहे हैं।
रविवार को छुट्टी के कारण दो हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लग सकी थी, लेकिन सोमवार को इनकी संख्या में बढ़ोतरी हुई और शाम तक 3060 लोगों को वैक्सीन लगी। पांच स्वास्थ्य कर्मचारियों को दूसरी, 22 फ्रंट लाइन वर्कर्स को दूसरी, 18 से 44 आयु वर्ग के 1569 लोगों को पहली और एक को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 197 लोगों को पहली और 900 लोगों को दूसरी, 15 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 351 को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। मंगलवार को भी हजारों लोगों को वैक्सीन लगने की संभावना है।