उधमपुर/जिब। पडानू से जिब आश्रम की ओर जाने वाली कच्ची सड़क की हालत बहुत ही खराब है। इसके साथ ही नाले पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रमीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मार्ग को जल्द पक्का करने सहित पुली का निर्माण करने की मांग उठाई है।
स्थानीय निवासी अशरफ अली, विजय कुमार, रमेश चंद्र और राजकुमार ने बताया कि 15 साल पहले सड़क का निर्माण हुआ था, जिसे आजतक पक्का नहीं किया गया है। इस कारण लोगों का काफी परेशानी हो रही है। वहीं, रास्ते में नाले पर पुल भी नहीं बनाया गया है। बरसात में नाले का जलस्तर बढ़ने से आवागमन करना मुश्किल हो जाता है। जरूरी कामों के लिए आवाजाही करने वाले लोगों को जान जोखिम में डालकर इस नाले को पार करना पड़ता है। किसी के बीमार होने पर समस्या काफी गंभीर हो जाती है। मौजूदा बरसात में नाले का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इस कारण पडानू, कल्लर, मोंगरली, जिब फडेंल, नाला गांव के लोगों को समस्या उठानी पड़ रही है। डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क के कच्ची होने के कारण हालत दयनीय बनी हुई है। आजतक किसी ने भी समस्या की सुध नहीं ली है। इसलिए जिला प्रशासन से अपील है कि मांगों को जल्द पूरा किया जाए।