उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग सोमवार से जिले में बूस्टर डोज लगाना शुरू करेगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सबसे पहले स्वास्थ्य और फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी। साथ ही कुछ वरिष्ठ नागरिकों को बूस्टर डोज लगाई जाएगी।
कोरोना के नए स्वरूप के सामने आने के बाद सरकार ने सभी को बूस्टर डोज लगाने का निर्णय लिया है। इसकी शुरूआत 10 दिसंबर से होने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए तैयारियां बहुत दिन पहले ही शुरू कर दी थी। विभाग सबसे पहले जिले में 4670 चिकित्सा कर्मियों, 13128 फ्रंट लाइन वर्कर्स और 60 वर्ष से अधिक आयु के 66462 लोगों को टीका लगाएगा। इसके बाद दूसरों को बूस्टर डोज लगाई जाएगी।
इसमें लगभग दो महीने का समय लग सकता है। वहीं, अब स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया को तेज करने के साथ ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। स्वास्थ्य विभाग को अभी कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करना है। इसके साथ 16 हजार से अधिक किशोरों को भी वैक्सीन लगानी है।