उधमपुर। वैक्सीन की कमी के कारण एक बार फिर से जिले में कम संख्या में ही लोगों को वैक्सीन लग सकी है। शाम तक केवल 1080 लोगों को ही वैक्सीन लग पाई। स्वास्थ्य विभाग के पास फिर से वैक्सीन की डोज की कमी आ गई है। अगर शाम तक नया स्टाक नहीं पहुंचा तो शनिवार को इससे भी कम संख्या में लोगों को वैक्सीन लगेगी।
स्वास्थ्य विभाग जिले में लोगों को वैक्सीन लगाने का काम तेजी से कर रहा है, लेकिन बीच में जब वैक्सीन का नया स्टाक नहीं पहुंच रहा है तो कुछ दिन वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में कमी भी हो रही है। इसी के चलते शुक्रवार को वैक्सीन की कमी के कारण इनकी संख्या में एकदम से काफी ज्यादा गिरावट आ गई है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार शुक्रवार को कुल 1080 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी है। 18 से 44 आयु वर्ग में मात्र 450 लोगों को ही पहली तथा दो लोगों को दूसरी डोज लगाई गई है। इसके अलावा एक फ्रंट लाइन वर्कर्स को पहली डोज तथा 12 को दूसरी डोज लगाई गई। 45 से 60 आयु वर्ग के 68 लोगों को पहली और 439 को दूसरी डोज लगाई गई है। इसके साथ सात वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 101 को दूसरी डोज लगाई गई है।