उधमपुर। कोविड की दूसरी डोज लगवाए बिना ही जिले के कई लोगों को मोबाइल फोन पर एसएमएस मिल रहे हैं कि उन्होंने सफलतापूर्वक दूसरी डोज लगवा ली है। इतना ही नहीं उनको पोर्टर पर दूसरी डोज लगवाने का प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया गया है। इससे असमंजस की स्थिति बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अगर उनको दूसरी डोज का प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है तो जब डोज लगाने जाएंगे तो पोर्टर में उनकी एंट्री कैसे होगी।
सरकार की तरफ से कोविड की दूसरी डोज के लिए निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को समय दे दिया गया है और स्वास्थ्य विभाग की टीमें हर रोज घंटों मशक्कत कर लोगों को वैक्सीन लगाने का काम भी कर रही है। लेकिन अब जिले में कई लोगों को दूसरी डोज लगवाए बिना ही एसएमएस और प्रमाणपत्र जारी होने लगा है। शहरवासी दिप्ती धीमान, शाम किशोर सहित कई शहरवासियों ने बताया कि उनके दूसरी डोज लगाने का समय हो गया है, लेकिन किसी कारण वह अभी तक डोज लगाने के लिए वैक्सीन सेंटर नहीं पहुंच सके। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से फोन कर जानकारी भी दी गई और उन्होंने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही सेंटर पहुंच कर वैक्सीन लगवा लेंगे। लेकिन दूसरे ही दिन उनके मोबाइल पर एक एसएमएस आया, जिसमें लिखा गया है कि उन्होंने सफलतापूर्वक दूसरी डोज लगवा ली है। मैसेज को देखकर असमंजस की स्थिति बन गई है। उन्होंने अपना संदेह दूर करने के लिए जब सरकार के पोर्टल पर प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया तो उनको दूसरी डोज लगाने का प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है।
बिना वैक्सीन लगवाए एसएमएस और प्रमाणपत्र जारी होने की शिकायतें पहुंची हैं। पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण ही लोगों को गलत संदेश मिल रहे हैं। इसको लेकर घबराने की जरूरत नहीं। ये लोग टीकाकरण केंद्र में जाकर वैक्सीन लगवाएं। इनको वैक्सीन लगवाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
- डॉ. मोहम्मद यासीन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी उधमपुर