चिनैनी (उधमपुर)। चिनैनी-सुद्धमहादेव मार्ग पर शुक्रवार सुबह पानी के लिए सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को अनियंत्रित ट्रक ने कुचल डाला। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों को कुचलने के बाद ट्रक कई गाड़ियों को रौंदते हुए डेढ़ किलोमीटर दूर जाकर एक रेलिंग से टकराकर रुक गया।
डेढ़ किलोमीटर दूर जाकर रुका ट्रक, टायरों में लग गई थी आग
तब तक ट्रक के टायरों में भी आग लग चुकी थी। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह गांव बेश्टी के ग्रामीण पानी की मांग को लेकर सड़क के बीच बैठकर जलशक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही बंद हो गई
इससे मार्ग पर जाम लग गया और दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। काफी देर तक ग्रामीण नारेबाजी करते रहे। इसी बीच सुद्धमहादेव की तरफ से एक चावल से लदा ट्रक तेज रफ्तार से आया और देखते ही देखते प्रदर्शन कर रहे लोगों पर चढ़ गया। इससे चीख-पुकार मच गई।
निजी वाहनों और एंबुलेंस से घायलों को तुरंत सीएचसी पहुंचाया
हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। निजी वाहनों और एंबुलेंस से घायलों को तुरंत सीएचसी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मरने वाली दोनों महिलाएं एक ही परिवार की बहुएं, सुसर भी घायल
हादसे में मरने वालों की शिनाख्त सृष्टा देवी (35), सावित्री देवी (28) और अब्दुल रशीद (52) निवासी बेश्टी के रूप में हुई है। घायलों में मुबशिर अहमद (3), अलताफ हुसैन, ज्ञान चंद, बरकत बेगम, शाहीन अख्तर, मोहम्मद रमजान सभी गांव बेश्टी के रहने वाले हैं।
घटना के बाद इलाके में शोक
मरने वाली दोनों महिलाएं एक ही परिवार की बहुएं थीं। इन दोनों के दो-दो बेटे व एक-एक बेटी है। इसी परिवार के ससुर ज्ञान चंद भी घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुक्रवार शाम को अब्दुल रशीद को सुपुर्द-ए खाक कर दिया गया, जबकि सवित्री व सृष्टा का शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।