उधमपुर। सुबह से उमस से जूझ रहे नगरवासियों को दोपहर बाद डेढ़ बजे हुई मूसलाधार बारिश भी राहत दिला पाने में नाकाम साबित हुई। वहीं, कई स्थानों पर हुए जलभराव से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
करीब एक घंटे की बारिश के बाद गर्मी का असर कम होने की बजाय बढ़ गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। उधर, कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश से सड़कों व गलियों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली। हालांकि एक घंटे के बाद बारिश पूरी तरह से बंद हो गई और तेज धूप निकल आई थी इससे जलभराव होने जैसी समस्याओं से परेशान लोगों को कुछ राहत तो मिली, लेकिन तेज धूप निकलने से उमस ने फिर परेशान किया है। वहीं, शाम चार बजे के बाद दोबारा हल्के बादल छाने के बावजूद बारिश नहीं हुई। शाम को सूर्य ढलने के बाद ही उमस से कुछ राहत मिली है।