उधमपुर। रविवार को जिला के शहर व ग्रामीण इलाकों में कुल तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही केवल एक व्यक्ति कोरोना संक्रमण को मात देने में कामयाब रहा हैं। जबकि एक व्यक्ति की संक्रमण से मौत हो गई है। वहीं संक्रमित के संपर्क में रहने वाले कई लोगों को कोरोना टेस्ट करवाए गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में लगातार कमी आ रही थी। इनकी संख्या में कमी आने पर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को भी राहत मिल रही थी। लेकिन अब बीते कुछ दिन से इनमें फिर से उतार चढाव का सिलसिला देखने को मिल रहा है। जहां शुक्रवार को केवल एक नया मामला पाया गया था। वहीं शनिवार को पांच तथा अब रविवार को तीन नए मामले पाए गए हैं। रविवार को संक्रमित पाए गए सभी मामले बसतंगढ क्षेत्र के हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11299 हो गए हैं। इनमें से 11131 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 136 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 32 सक्रिय मामले बचे हैं।