उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर उधमपुर के मांड इलाके में किसान बाजार स्थापित किया जाएगा। शनिवार को हार्टिकल्चर विभाग के योजना एवं विस्तार निदेशक (एचपीएम) विशेष पाल ने चिह्नित स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी किए। इसके अलावा उन्होंने विभागीय गतिविधियों का संज्ञान भी लिया है।
उन्होंने बताया कि दौरे का उद्देश्य मांड में किसान बाजार के विकास में तेजी लाना, फ्रूट एंड वेजिटेबल मार्केट के प्रवेश द्वार और नीलामी शेड की मरम्मत करना, पानी की सुविधा का प्रावधान, रोशनी सहित अन्य गैर कार्यरत आवंटियों को मंडी में काम करना शुरू करने के लिए नोटिस देना शामिल था।
इस दौरान मांड की सरंपच आरती शर्मा से भी उन्होंने बात की, जिन्होंने मांड में प्रस्तावित किसान बाजार के जल्द विकास का आग्रह किया। बताया कि बाजार के बनने से आसपास के गांवों के किसानों को काफी लाभ मिलेगाभी काफी लाभ मिलेगा। निदेशक बागवानी (पीएंडएम) ने आरती शर्मा और अन्य द्वारा उठाए गए मुद्दों को सुना और उन्हें महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप को सक्रिय करने और उपज के लिए मूल्यवर्धन तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। वहीं, विपणन सहायता के साथ रेफ्रिजरेटर वैन सेवा प्रदान करने का आश्वासन दिया है।
इस मौके पर विभाग के कार्यकारी अभियंता वीरेंद्र राजदान, सहायक निदेशक विपणन अनायतुल्लाह खान, सहायक निदेशक जीएंडपी तहसीन इकबाल चिब, क्षेत्र विपणन अधिकारी उधमपुर अश्विनी कुमार और तकनीकी पीए चरण कमल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
फल एवं सब्जी मंडी संघ से किया मंथन
इसके बाद निदेशक एचपीएम ने फल एवं सब्जी मंडी उधमपुर का दौरा किया। वहीं, फल एवं सब्जी मंडी संघ के प्रतिनिधि, क्षेत्र विपणन अधिकारी एवं उधमपुर के अन्य सदस्यों से बैठक कर समस्याओं को सुना और जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।