उधमपुर। शहर के स्याल सल्लन इलाके में सोमवार देर रात को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पर स्थित एक दुकान का शटर तोड़ कर चोर हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर गए। सुबह जब दुकानदारों को इसका पता चला तो इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
दुकान के मालिक तारा चंद शर्मा ने बताया कि तड़के करीब चार बजे उसकी बेटी कुत्ते को साथ लेकर घर से बाहर निकली, तो उसने दुकान का शटर टूटा हुआ देखा। भागते हुए अंदर पहुंच कर बताया कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। चोरों ने अंदर रखे करीब 37000 रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। अंदर रखे सिगरेट के दो डिब्बे और दो सरसों की गैलन भी ले गए थे।
दुकानदार ने बताया कि वह अक्सर नकदी अपने साथ घर ले जाते हैं। लेकिन सोमवार रात को दुकान को बंद करते समय किसी से बात कर रहे थे और नकदी साथ लेना भूल गए। वहीं लगातार चोरियां बढ़ने पर शहरवासी भी परेशान है। शहरवासियों का कहना है कि अब चोरों ने शहर के अंदर के बजाए शहर के साथ लगते इलाकों में चोरियों की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया है। पुलिस को इसको गंभीरता से लेकर जांच करनी होगी।