उधमपुर। दिल्ली से चोरी हुए वाहन को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाने के आरोप में उधमपुर पुलिस ने श्रीनगर नगर निगम के भाजपा पार्षद को हिरासत में लिया है। ई-चालान के दौरान जब छानबीन की गई तो पता चला कि स्कॉर्पियो वाहन पर लगा नंबर फर्जी है। गाड़ी के चेसी नंबर की जांच में सामने आया कि यह गाड़ी दिल्ली में चोरी हुई थी, जिसका मामला दर्ज है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने जखैनी इलाके में नाका लगा कर रखा था। इसी दौरान श्रीनगर के एक कॉर्पोरेटर की स्कॉर्पियो (एचआर07एसी-2642) को जांच के लिए रोका गया। नंबर प्लेट देखने पर पुलिस को कुछ संदेह हुआ। उन्होंने जब वाहन का ई-चालान काटा तो चेसी नंबर सहित पूरा ब्योरा सामने आ गया। जब गाड़ी के चेसी नंबर की जांच तो रिकॉर्ड के अनुसार मेल नहीं हुआ। इससे पुलिस को यकीन हो गया कि यह गाड़ी का नंबर नकली है। जब पार्षद से गाड़ी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि एक महीना पहले ही उन्होंने कश्मीर में आठ लाख रुपये में इस गाड़ी को खरीदा है। डीएसपी ट्रैफिक ने बताया कि यह गाड़ी हरियाणा के बहादुरगढ़ में रजिस्टर है, और दिल्ली में इसके चोरी होने की शिकायत दर्ज है। गाड़ी पुलिस को सौंप दी है। वहीं, पार्षद को भी पुलिस थाने ले जाया गया। गाड़ी में उनके साथ दो अंगरक्षक भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही पुलिस ने जखैनी इलाके से नकली नंबर के टेंपो को पकड़ा था। पुलिस को जांच में पता चला था कि असली नंबर का टेंपो पंजाब के मोगा का है।