उधमपुर: रठिया क्षेत्र में चोरों द्वारा चोरी कर बिखरा पड़ा सामान तथा मौके पर पहुंची पुलिस.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर से सटे रठियान इलाके में शुक्रवार देर रात को चोरों ने मुंसिफ जज के घर में सेंध लगाई। उन्होंने घर में घुसकर लाखों की नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, और मामले की जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर सबूत जुटाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चिनैनी में नियुक्त मुंसिफ जज प्रियंका महाजन परिवार के साथ किसी शादी में हिस्सा लेने उधमपुर से बाहर से गई थीं। इस दौरान दोपहर को किराएदारों ने घर का दरवाजा खुला देखा। उनको पता था कि घर के मालिक अभी नहीं आए हैं। इसके बावजूद दरवाजा खुला हुआ है। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था, और अलमारियां भी खुली हुई थीं।
उन्होंने इसके बारे में तुरंत पुलिस और मकान मालिक को सूचित किया। मुंसिफ जज के घर चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने घर की जांच की। कुछ समय बाद घर के मालिक भी मौके पर पहुंच गए। जब उन्होंने सामान की जांच की तो पता चला कि चोर करीब चार लाख रुपये नकद, 87 ग्राम सोने के गहने, 40 चांदी के सिक्के और छह चांदी की कटोरियां चोरी कर ले गए हैं।
पुलिस को जांच में पता चला कि चोरों ने चारदीवारी को पार कर अंदर प्रवेश किया था, और लोहे ही रॉड से ताला तोड़ा है। पुलिस ने उंगलियों के निशानों से चोरों की तलाश करने का प्रयास किया है। साथ ही कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की है।
उधमपुर: रठिया क्षेत्र में चोरों द्वारा चोरी कर बिखरा पड़ा सामान तथा मौके पर पहुंची पुलिस.- फोटो : UDHAMPUR