उधमपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सोमवार को शहर में पतंगबाजी की दिनभर धूम मची रही। इसके लिए सुबह से ही युवा, किशोर और बच्चे छतों पर नजर आने लगे थे। दोपहर को तेज धूप के बावजूद पतंगबाजी का उत्साह कम नहीं हुआ।
पतंगबाजी के लिए बच्चों व युवाओं ने कई दिनों पहले ही तैयारी शुरू कर दी थी। सोमवार को मौसम ने पूरा साथ दिया। सुबह से ही युवकों की टोलियां छत्तों पर नजर आने लगीं। पतंगबाजी के साथ म्यूजिक की व्यवस्था की गई थी। जब कोई पतंग कटती तो युवा व बच्चे संगीत पर नाचते हुए नजर आए। पतंगों को उड़ाने के साथ कुछ बच्चों ने पतंगों को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जब कोई पतंग कटती तो उसे लूटने के लिए बच्चों की टोलियां दौड़ पड़तीं। दिनभर शहर में ओ गया वे की आवाज गूंजती रही। दोपहर दो बजे के बाद धूप एकदम तेज हो गई और बाहर खड़े रहना भी मुश्किल होता नजर आया, लेकिन इसके बावजूद बच्चे व युवा पतंगबाजी में मस्त रहे। युवाओं का कहना था कि जन्माष्टमी के दिन पतंगबाजी का आखिरी दिन है। इसलिए उन्होंने पतंगबाजी का खूब लुत्फ उठाया है।