उधमपुर। शहर के दुकानदारों ने शुक्रवार को मोबाइल फोन चोरी करने वाले बड़े चोर को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए आरोपी ने उधमपुर और चिनैनी में कई मोबाइल फोन चोरी किए हैं। इसको कई बार पुलिस ने पकड़ा भी, लेकिन हर बार छोड़ दिया। शुक्रवार को दुकानदारों ने एकजुट होकर प्रशासन और पुलिस से मांग की कि आरोपी को छोड़ा नहीं जाए। क्योंकि इसके कारण मोबाइल फोन बेचने और मरम्मत का काम करने वाले दुकानदारों का लाखों का नुकसान हो चुका है।
जानकारी अनुसार दोपहर के समय चोर वार्ड नंबर चार में पुलिस स्टेशन के पीछे आमिर की मोबाइल की दुकान पर पहुंचा और सिम खरीदने की बात कह कर दुकान के अंदर बैठ गया। इतने में दुकानदार को उस पर शक हुआ। उसने 15 दिन पहले दुकान में चोरी हुए मोबाइल फोन की घटना का सीसीटीवी फुटेज देखा। इसमें पता चला कि सामने बैठे व्यक्ति ने ही 15 दिन पहले उसकी दुकान से मोबाइल चोरी किए थे। उसने अन्य मोबाइल फोन की दुकान करने वाले दुकानदारों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद कई दुकानदार मौके पर पहुंच गए। सबने उसको पहचान लिया। पकड़े गए चोर ने शहर के अंदर दस से अधिक दुकानों में चोरी की है।
गोल मार्केट में दुकान करने वाले विशाल गुप्ता ने बताया कि दिसंबर 2020 में उसकी दुकान में चोरी हुई थी। यही व्यक्ति दुकान के अंदर मोबाइल फोन मरम्मत करवाने के बहाने आया। फिर मौका देख दुकान के अंदर से मोबाइल चोरी कर गया। उसने सीसीटीवी के जरिए इसकी पहचान की।
निखिलेश ने बताया कि कुछ महीने पहले यह चोर उसकी दुकान पर आया था। तब सिम खरीदने के बहाने दुकान में बैठ गया। वह दूसरे ग्राहकों के साथ बातचीत कर रहा था, तो इतने में मौका देख कर दुकान से मोबाइल फोन चोरी किया और चला गया। उसको भी इसके बारे में सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पता चला।
दुकान के बाहर रख देता था बैग
आमिर ने बताया कि यह जब भी दुकान पर आता था तो इसके पास एक बैग होता था। वह दुकान के अंदर आने से पहले बैग को बाहर रख देता था और मौका देखकर मोबाइल फोन चोरी कर बैग में डाल कर वापस दुकान के अंदर बैठ जाता था। शुक्रवार को भी दुकान के अंदर आने से पहले बैग को बाहर रखा था और सिम खरीदने की बात कह कर मोबाइल चोरी करने का प्रयास करने लगा था। लेकिन पकड़ लिया गया।
चिनैनी में चोरी कर चुका है 200 मोबाइल फोन
दुकानदारों ने बताया कि चोर चिनैनी के गौरीकुंड का रहने वाला है। उसने चिनैनी में ही करीब 200 मोबाइल फोन चोरी किए हैं और इसको कई बार चिनैनी पुलिस ने पकड़ा है। लेकिन कुछ ही दिनों में पुलिस आरोपी को छोड़ देती है। दुकानदारों की मांग है कि ऐसे शातिर चोर को किसी कीमत पर भी छोड़ा नहीं जाना चाहिए। इसको गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर पुलिस स्टेशन ले गई।