उधमपुर/रामनगर। बसंतगढ़ के तेलड़ू इलाके में इको वैन के खाई में गिरने से शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस घायल को उपचार के लिए पीएचसी लाटी पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार दोपहर बाद दो बजे डुडू से किरची की तरफ जा रही तेज रफ्तार इको वैन (जेके14एफ-2449) तेलडु इलाके में अनियंत्रित हो कर 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में नेहा देवी (36) निवासी डुडू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक मोहम्मद इशाक पुत्र अब्दुल गनी निवासी डुडू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय निवासी और पुलिस मौके पर पहुंची व कड़ी मशक्कत से घायल को बाहर निकाल कर पीएचसी लाटी पहुंचाया। मृतक नेहा मिडिल स्कूल थिरडु में शिक्षिका थी। छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी में पहुंचा दिया है।