उधमपुर। शहर के साथ लगते बरियाल इलाके में एयर फोर्स स्टेशन के नजदीक संदिग्ध परिस्थितियों में दुकान से दुकानदार का शव बरामद हुआ है। वीरवार देर रात तक जब दुकानदार घर नहीं पहुंचा तो उसके परिवार को चिंता हुई। तलाश करते हुए जब परिजनों ने दुकान खोली तो अंदर शव फंदे से लटका हुआ था। जानकारी के अनुसार अमित गुप्ता (42) पुत्र दया राम वर्षों से एयर फोर्स स्टेशन के नजदीक दुकान करता था। वीरवार को भी उसने रोज की तरह दुकान खोली और काम किया।
लेकिन, शाम तक वह घर नहीं पहुंचा। चिंतित होकर उसके परिजनों ने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद सभी की चिंता बढ़ गई और तलाश करते हुए वे दुकान पर पहुंच गए। जब उन्होंने दुकान पर देखा तो पाया कि एक शटर पर ताला लगा है। लेकिन, दूसरे शटर पर ताला नहीं लगा था।
उन्होंने जब शटर उठाकर देखा तो अमित का शव फंदे से लटकता पाया। इसके बारे में तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई। पुलिस ने साथी दुकानदारों और परिवार से पूछताछ करने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया गया है।