चिनैनी। सुद्धमहादेव से द्रंगा तक 12.85 किलोमीटर लंबी सुरंग निर्माण की घोषणा चिनैनी तहसील के लिए नए अध्याय की शुरुआत है। परियोजना से ऐतिहासिक तीर्थ स्थल सुद्धमहादेव और मानतलाई का सर्वांगीण विकास होगा और लोगों की तकदीर बदल जाएगी।
बुद्धिजीवियों का मानना है कि डोडा-किश्तवाड़ को टनल के माध्यम से सुद्धमहादेव से जोड़ने पर रोजगार के साधन बढ़ेंगे और निर्धारित दायरे तक सीमित पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। लोगों ने उम्मीद की किरण लेकर आई परियोजना का जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।
पूर्व सरपंच पवन कुमार, रमेश अत्री, पूर्व नायब सरपंच राजीव शर्मा, सुभाष चंद्र व चरणदास ने कहा कि अब अफवाहों पर विराम लग गया है। टनल बनने से रोजगार के साधन बढ़ेंगे। ऐसे में स्थानीय लोगों को ही प्राथमिकता दी जाए ताकि बेरोजगारी दूर हो सके। परियोजना से सुद्धमहादेव, गौरीकुंड, मानतलाई, बैणी संगम जैसे तीर्थ स्थलों के अलावा पर्यटन स्थल पटनीटॉप को काफी लाभ मिलेगा क्योंकि कई सैलानी घाटी जाने के बजाय टनल के जरिए यहां पहुंच पाएंगे। इससे आस्था और संस्कृति का विस्तार हो जाएगा। यात्रियों की संख्या में इजाफा होने से व्यापार में बढ़ोतरी होगी।
भारतमाला परियोजना के तहत वर्ष 2017 में सुरंगों के निर्माण की योजना बनाई गई। वर्ष 2023 में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सुद्धमहादेव में काम की शुरुआत की गई लेकिन 2025 में टेंडर रद्द कर दिया गया जिसकी वजह से परियोजना सिरे नहीं चढ़ पाई। इस बार नए सिरे से परियोजना की शुरुआत होने जा रही है जिससे राहत मिलने की उम्मीद है। लोगों ने मांग करते हुए कहा कि सरकार को काम जल्द शुरू करना चाहिए। खासकर चिनैनी से किश्तवाड़ का 100 से 150 किलोमीटर का सफर मात्र 12.85 किलोमीटर लंबी सुरंग के माध्यम से चंद मिनटों में पूरा हो जाएगा।
व्यापार मंडल के प्रधान कमल किशोर गुप्ता की माने तो सुद्धमहादेव, गौरीकुंड व मानतलाई और अन्य क्षेत्र के लिए टनल काफी लाभकारी होगा। मौजूदा समय में यात्री जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए घाटी चले जाते हैं जिससे इन स्थलों तक सैलानियों की पहुंच कम हो रही है। टनल से ये दिक्कत नहीं आएगी।
आने वाले समय में श्री अमरनाथ और कश्मीर घाटी जाने वाले लोगों के लिए दूरी कम हो जाएगी। सुद्धमहादेव-द्रंगा के लिए टनल बनने से बेरोजगारी तो दूर होने के साथ तीर्थ व पर्यटन स्थलों में रोजगार और व्यापार में लाभ होगा। प्रतिदिन डोडा, किश्तवाड़ व भद्रवाह की ओर सफर करने वाले प्रत्येक वर्ग को फायदा मिलेगा।
- बलवंत सिंह मनकोटिया, विधायक, चिनैनी-घोरडी