रामनगर। तहसील बसंतगढ़ के मजोडी रसली ठकराई क्षेत्र में 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजू देवी (29), पत्नी कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। अंजू देवी घर में अचेत अवस्था में मिली थी। परिजन आनन-फानन में उन्हें रामनगर अस्पताल ले गए जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जीएमसी उधमपुर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि जब परिजन जीएमसी उधमपुर पहुंचे तो डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत लाया गया घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। बुधवार सुबह कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया और शव परिजन को सौंप दिया। दोपहर करीब दो बजे पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और हर पहलू से गहन जांच शुरू की है।