शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में आयोजित कोर्स में हिस्सा लेने वाले अधिकारी
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शेर ए कश्मीर पुलिस अकादमी में सोमवार को मैनेजमेंट ऑफ टैक्टिकल ऑपरेशन पर साप्ताहिक और साइबर फोरेंसिक पर पांच दिवसीय पाठ्यक्रम शुरू हुआ। इनमें प्रदेश के 38 पुलिस अधिकारी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन सत्र में अकादमी के उप निदेशक (इनडोर) एसएसपी मोहन लाल ने प्रतिभागियों से विभिन्न युक्तियों से सबक सीखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट ऑफ टैक्टिकल ऑपरेशन विषय पर आयोजित कोर्स को सामरिक संचालन की व्यापक अवधारणा को समझने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सामरिक संचालन की निगरानी और पर्यवेक्षण, खुफिया जानकारी एकत्र करना, डिजिटल फोरेंसिक, मैप रीडिंग, जीपीएस सिस्टम, आदि को शामिल किया गया है।
वहीं, साइबर फोरेंसिक पर पाठ्यक्रम को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों, डिजिटल साक्ष्य के संग्रह, ई-मेल ट्रैकिंग, मोबाइल फोरेंसिक, आईडीपीआर, आदि को समझने के लिए डिजाइन किया गया है। उद्घाटन सत्र में एडी (प्रशिक्षण, अनुसंधान एवं विकास) डीएसपी सूरज सिंह, सहायक निदेशक (प्रशासन) सनमती गुप्ता (पाठ्यक्रम निदेशक) और इंस्पेक्टर चंदर मोहन शर्मा (पाठ्यक्रम सचिव) उपस्थित रहे।