रामबन के चंद्रकोट में निकाले गए जुलूस में शामिल मुस्लिम समुदाय के लोग।
रामबन के चंद्रकोट में धार्मिक भक्ति के साथ आशूरा जुलूस निकाला गया
रामबन। जिले के चंद्रकोट में रविवार को आशूरा जुलूस निकाला गया। सैकड़ों शोक मनाने वालों ने हजरत इमाम हुसैन (एएस) और उनके साथियों के सर्वोच्च बलिदान की याद में पारंपरिक जुलजिना जुलूस में भाग लिया।
यह जुलूस अंजुमन-ए-इमामिया के संरक्षण में इमामबाड़ा अली नगर कुन्फर चंद्रकोट से शुरू हुआ जो चंद्रकोट के मुख्य बाजार से गुजरा और प्रतीकात्मक कर्बला में समाप्त हुआ। धार्मिक विद्वानों ने इमाम बारगाह में सभा को संबोधित करते हुए 1400 साल से भी पहले कर्बला में इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की शहादत के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
उपायुक्त मोहम्मद अलयास खान के नेतृत्व में जिला प्रशासन रामबन ने चिनाब घाटी के शिया बहुल क्षेत्र चंद्रकोट में सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, जल आपूर्ति, बिजली और सफाई के लिए विस्तृत व्यवस्था करके जुलूस के सुचारू और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित किया। एसएसपी कुलबीर सिंह, एसीआर शौकत हयात मट्टू, सीएमओ डॉ. कमल जे जादु, डीएसपी (मुख्यालय) ओम प्रकाश के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की टीमें, एंबुलेंस और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।