धैमा में आयोजित जनसंपर्क सह शिकायत निवारण शिविर में समस्याएं सुनती डीडीसी इंदू कंवल चिब
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/मजालता। ब्लॉक खून के पंचायत धैमा में जनसंपर्क सह शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें जिला विकास आयुक्त इंदू कंवल चिब ने जिला अधिकारियों की टीम के साथ जनसमस्याएं सुनीं।
इस मौके डीडीसी उपाध्यक्ष जूही मन्हास पठानिया मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। शिविर में लोगों ने बालिका छात्रावास भवन का निर्माण, विद्यालयों में चारदीवारी, पर्याप्त शिक्षण, पंचायतों को पेयजल आपूर्ति में बढ़ोतरी, बिजली में सुधार, विधवा पेंशन योजनाओं से वंचितों को लाभ, फुट ब्रिज का निर्माण, सुनाल में राशन डिपो, मोबाइल फ्रीक्वेंसी के मुद्दे, सड़क निर्माण कार्यों में देरी, आदि समस्याएं रखीं।
डीडीसी उपाध्यक्ष ने बताया कि जनसंपर्क अभियान का उद्देश्य प्रशासन को आम जनता के करीब लाना है। डीसी ने धैर्यपूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी वास्तविक शिकायतों के शीघ्र निपटान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। साथ ही उन्होंने जल शक्ति विभाग के मैकेनिकल, सिविल विंग और पीडीडी को संयुक्त बैठकें आयोजित करने का भी निर्देश दिया।