उधमपुर। बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के विरोध में शुक्रवार को शिव सेना ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने सरकार से प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई व बेरोजगारी पर काबू पाने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के जिला प्रधान संजीव कुमार ने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते आज महंगाई चरम पर है। लोगों को दो वक्त की रोटी के लिए भी कड़ा संघर्ष करना पड़ रहा है। पेट्रोल व डीजल की कीमतों के साथ खाने पीने की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। घरेलू गैस से लेकर दाल, सब्जी, चावल व सरसों के तेल के दामों में आए दिन बढ़ोतरी हो रही है। इस पर सरकार काबू पाने में विफल हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता को लुभावने सपने दिखाकर अब उन पर महंगाई का इस कदर बोझ थोपा है कि आम आदमी के लिए अपने परिवार का पेट पालना मुश्किल हो गया है। इसलिए, सरकार से अपील है कि जल्द महंगाई और बेरोजगारी पर काबू पाने के लिए उचित कदम उठाए ताकि जनता को सड़कों पर आने को मजबूर न होना पड़े।