उधमपुर। बिजली विभाग की लाइनमैन वर्कर यूनियन ने अधिकारियों व कर्मचारियों को बिना नोटिस अटैच करने तथा संस्पेंड करने के मामले पर कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि ईमानदारी से अपनी डयूटी कर रहे 14 मीटर रीडरों को सस्पेंड कर दिया गया जबकि दो एक्सईएन को अटैच करने के साथ ही एक एईई को संस्पेड कर दिया गया है। जो बिल्कुल भी न्यायोचित नहीं है।
लाइनमैन यूनियन के जिला प्रधान रघुवीर सिंह ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी व कर्मचारी को सस्पेंड करने से पहले नोटिस दिया जाता है, लेकिन यहां बिना किसी नोटिस के विभाग के तीन अधिकारियों सहित 14 कर्मचारियों पर कार्रवाई कर दी गई है। इससे विभाग के सभी कर्मचारी व अधिकारी बेहद निराश हैं। सभी इस मामले पर एकजूट हैं। उन्होंने कहा कि आज इसी मामले को लेकर वह विभाग कार्यालय के बाहर काम छोड़ हड़ताल करने के लिए एकत्रित हुए थे लेकिन उच्च अधिकारियों के आश्वासन पर हड़ताल स्थगित कर दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पंद्रह दिन के भीतर कर्मचारियों को बहाल नहीं किया गया तो काम छोड़ हड़ताल शुरू कर देंगे।