उधमपुर/रामबन। उधमपुर और रामबन में रविवार को भी बारिश और बर्फबारी जारी रही। इससे एक बार फिर रामबन के पंथयाल और डुग्गी में पस्सियां गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग सुबह बंद हो गया है। हालांकि शनिवार को राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी रही। लेकिन रविवार को खराब मौसम का असर राजमार्ग पर फिर से पड़ गया। बारिश के कारण फोरलेन राजमार्ग का निर्माण कर रही कंपनी राजमार्ग को खोलने का काम करने में बहुत परेशानी हो रही है। रविवार को दिनभर मलबा हटाने का काम जारी रखा गया लेकिन बारिश ने इसमें बाधा डाली।
मौसम खराब रहने के कारण राजमार्ग को रविवार शाम तक खोला नहीं जा सका था। चालकों को ठंड के कारण दिन भर परेशानियों का सामना करना पड़ा। चालकों का कहना है कि अगर ज्यादा समय तक उनको रोका जाता है तो फिर से परेशानियों से जूझना पड़ेगा। उम्मीद है कि सोमवार को मौसम में सुधार होने के बाद पुलिस उनको घाटी की तरफ जाने की अनुमति दे देगी।
---------
उधमपुर और रामबन में रोके
गए घाटी जाने वाले वाहन
जानकारी के अनुसार रविवार तड़के पंथयाल और डुग्गी पुली में पस्सियां गिरना शुरू हुईं और राजमार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो उधमपुर से वाहनों के घाटी की तरफ जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। पुलिस ने उधमपुर और रामबन में घाटी जाने वाले वाहनों को रोकना शुरू कर दिया और वाहनों की कतारें लग गईं। इसके बारे में सुबह जम्मू में भी जानकारी दी गई थी, इसलिए जम्मू से यात्री वाहनों को घाटी की तरफ रवाना नहीं किया गया। उधमपुर में ज्यादातर ट्रकों को रोका गया है। जखैनी के साथ रठियान, बट्टलबालियां, टिकरी, गरनई, मांड में सैकड़ों की संख्या में ट्रकों को रोका गया है और इनके चालक राजमार्ग के खुलने का इंतजार कर रहे हैं।