उधमपुर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक ट्रेड यूनियन के जिला प्रधान विपिन दुबे ने जल शक्ति विभाग से सभी कर्मचारियों की डीपीसी कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने विभाग कार्यालय में खुले ट्रेड यूनियन के दफ्तरों को बंद कराने की भी मांग रखी है।
उन्होंने कहा कि विभाग में जो भी कर्मचारी जिस ग्रेड पर लगाया जाता है, वह अपनी पूरी सेवा उसी ग्रेड पर देकर सेवानिवृत्त हो जाता है। इसलिए मांग है कि डिवीजन स्तर पर सभी कर्मचारियों की डीपीसी करवाई जाए, ताकि कर्मचारियों को इसका उचित लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि इस मांग एक प्रति उन्होंने विभाग के कमिश्नर सेक्रेटरी को भी भेज दी है।
उन्होंने कहा कि जल शक्ति कॉम्प्लेक्स उधमपुर में यूनियन वालों ने अपना निजी कार्यालय खोल रखा है। जबकि, विभाग कार्यालय में कमरों की कमी होने की वजह से विभाग कर्मचारियों को बैठने तक के लिए कमरा नहीं मिल पा रहा। कानून के मुताबिक कोई भी ट्रेड यूनियन सरकारी कार्यालय में अपना कार्यालय स्थापित नहीं कर सकता। लेकिन, नियमों को ताक पर रखकर जल शक्ति विभाग कार्यालय में धड़ल्ले से यूनियन वाले अपना कार्यालय चला रहे हैं। उन्होंने कमिश्नर सेक्रेटरी से मांग की कि जल्द विभाग कार्यालय में स्थापित किए यूनियन के दफ्तर को बंद कराया जाए और उक्त कमरों को विभाग अधिकारों को सौंपा जाए।