उधमपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत नगर के टाउन हॉल में आयोजित दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का वीरवार को समापन किया गया। इसमें स्वतंत्रता संग्राम, सेनानियों के योगदान और उनकी वीरगाथा ने लोगों को जहां गौरव महसूस करने के लिए प्रेरित किया वहीं, शहरवासियों को इतिहास को जानने का मौका भी मिला है।
आउटरीच कार्यक्रम के तहत रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशालय के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से जिले में विशेष पहल थी। इसका उद्देश्य महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस आदि स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को उजागर करने सहित लोगों को एतिहासिक घटनाओं से रूबरू करवाना था। इसमें स्वतंत्रता संग्राम के दुर्लभ चित्रों और वीडियो को प्रदर्शित किया गया था।
आजादी का अमृत महोत्सव प्रगतिशील भारत के 75 साल और लोगों, संस्कृति व उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को मनाने के लिए भारत सरकार की एक पहल है। यह यात्रा 12 मार्च, 2021 को शुरू हुई है, जो 15 अगस्त, 2023 को समाप्त होगी। इसी कड़ी में उधमपुर में दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जो स्वतंत्रता के लिए संघर्ष की एतिहासिक घटनाओं की याद दिलाता है। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।