चिनैनी। कोरोना काल में ऑक्सीजन की समस्या के बाद चिनैनी में भी प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इसका कार्य जोरशोर से जारी है। मशीनरी पहुंचने का इंतजार है, जिसके बाद तहसील में भी ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी।
सीएचसी चिनैनी पाइप लाइन बिछाई जा रही है। मौजूदा समय में लेबर रूम, ऑपरेशन थियेटर, इमरजेंसी वार्ड आदि में लगाई जा चुकी है। 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। आगामी दिनों में शैड, बिजली व प्लांट में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी भी लगाई जाएगी। इस ऑक्सीजन जनरेशन संयंत्र में एक मिनट में पांच सौ लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन होगा।
गौरतलब रहे कि कारोना काल में कई लोगों को ऑक्सीजन की कमी का सामना करना पड़ा था। सीएचसी चिनैनी पर लाटी, डुडू आदि दूरदराज क्षेत्र सहित पटनीटॉप व हाइवे से संबंधित मरीज और जरूरतमंद निर्भर हैं। करीब सौ किलोमीटर दूर से मरीज सीएचसी चिनैनी इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्लांट के स्थापित होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। बीएमओ डॉक्टर देव राज ने कहा कि चिनैनी में बड़ा ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इसकी क्षमता पांच सौ लीटर प्रति मिनट है। डीएचओ डॉक्टर मोहम्मद यासीन ने बताया कि प्लांट जल्द तैयार होगा। मशीनरी का इंतजार है।