किश्तवाड़। एनएचपीसी दुलहस्ती पावर स्टेशन की तरफ से आजादी का अमृत महोत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को केंद्रीय विद्यालय किश्तवाड़ के विद्यार्थियों को दुलहस्ती पावर स्टेशन के पावर हाउस का दौरा करवाया गया। इस दौरान महाप्रबंधक (विद्युत) सुरेद्र कुमार मिश्रा एवं उप महाप्रबंधक (विद्युत) गुरशरण सिंह ने नियंत्रण कक्ष, मशीन गैलरी व अन्य घटकों की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त पावर हाउस स्थित कॉन्फ्रेंस हाल में दुलहस्ती पावर स्टेशन के महाप्रबंधक प्रभारी निर्मल सिंह ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर अनुभव साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लग्न से पढ़ाई करने और खेलों के प्रति भी प्रेरित किया। इस दौरान वरिष्ठ प्रबंधक (यांत्रिक) रतन कुमार शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) अशोक कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक (विद्युत) अमरजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।