चिनैनी। कस्बे में वीरवार को कांग्रेस की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व विधायक और जिला प्रधान कृष्ण चंद्र भगत मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा के साथ सदस्यता अभियान चलाकर पार्टी को मजबूत बनाने पर बल दिया गया।
इस मौके पर बीते दिन पेश हुए बजट पर हुई चर्चा में कहा गया कि सरकार की ओर से पेश बजट से आम लोग निराश हैं। वहीं, क्षेत्र की समस्याओं पर बात करते हुए तवी पुल का कार्य तेज गति से कराने की बात कही गई। ताकि, लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। साथ ही सड़कों की खस्ता हालत को सुधारने की भी मांग उठाई गई।
इस मौके पर चिनैनी ब्लॉक ऑफिस से एंचा, चसकू सड़क की ओर भी ध्यान देने की मांग उठाई गई। कहा गया कि बारिश में कच्ची सड़क दलदल का रूप धारण कर देती है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसल कर घायल भी हो जाते हैं। बैठक के दौरान बिजली, पानी तथा अन्य मुद्दों को भी उठाया गया। सरकार से मांग की गई कि लोगों की समस्याओं को जल्द दूर किया जाए। बैठक में मोहन लाल गुप्ता, हलीम खान, निशांत खजूरिया, मक्खन चौधरी, करतार नाथ, धर्म सिंह, मदनलाल, सैफ अली, गोपाल शर्मा, रतनलाल, आदि मौजूद रहे।