दिल्ली में केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह से मिलती बीडीसी चेयरमैन घोरडी आरती शर्मा
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। घोरडी ब्लॉक के पीआरआई सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में पीएमओ मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। उन्होंने मंत्री के सामने क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए उनके निवारण की अपील की। साथ ही मांगों को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल ब्लॉक घोरडी की बीडीसी अध्यक्ष आरती शर्मा ने कहा कि प्रखंड घोरडी के सभी सरपंचों एवं पंचों की ओर से क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों को पीएमओ मंत्री के सामने प्रस्तुत किया है, जो यहां की सभी पंचायतों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनमें उधमपुर-घोरडी मार्ग का दोहरीकरण कार्य पूरा करने, प्रखंड के उच्च व उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शैक्षणिक कर्मियों की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
साथ ही इन सभी मुद्दों को लेकर डॉ. सिंह को एक मांगपत्र भी सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने ब्लॉक घोरडी के सभी संभावित मुद्दों को सुनने के बाद इनके जल्द से जल्द निवारण का आश्वासन दिया है। इस मौके पर डीडीसी घोरडी राकेश चंद्र शर्मा, सरपंच नाला घोडां-ए चंद्रकांत शर्मा और सरपंच सत्यलता यश पॉल भी मौजूद थे।