चिनैनी। जम्मू संभाग के विकसित पर्यटन स्थल पटनीटॉप की हसीन वादियों में पहली बार मानसून फेस्टिवल का सैलानियों ने खूब लुत्फ उठाया। वीकेंड के मौके पर आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम का मुख्य मकसद सैलानियों को आकर्षित करना और पर्यटन स्थल को बढ़ावा देना है। पटनीटॉप में देश के विभिन्न हिस्सों के सैलानियों ने इसका मनोरंजन किया।
पडोरा ग्राउंड पर आयोजित इस कार्यक्रम में पटनीटॉप का हर कोना गुलजार नजर आ रहा है। हसीन वादियों में सानु इक पल चैन न आवे.. सज्जणा तेरे बिना... गाने ने समां बांध दिया। पर्यटन विभाग और पीडीए के संयुक्त अभियान के तहत करवाए जा रहे दो दिवसीय मानसून फेस्टिवल में गायकों ने एक से बढ़कर एक गाने की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
एक ओर पटनीटॉप की वादियां हिंदी, पंजाबी, डोगरी गानों से गूंज उठीं, जिससे पूरे पर्यटन स्थल में दिनभर चहल-पहल रही। वहां के कारोबारियों में खुशी की झलक दिखी तो वहीं दूसरी और इस आयोजन से पर्यटन को भी बढ़ावा मिला। मानसून फेस्टिवल के दौरान पहुंचे सैलानी भी इस आयोजन से काफी खुश नजर आए।
मंडलायुक्त और एडीजीपी ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
मानसून फेस्टिवल का शुभारंभ मंडलायुक्त जम्मू राघव लंगर और एडीजीपी मुकेश सिंह ने किया। उन्होंने पटनीटॉप में सरकारी विभागों की ओर से लगाए स्टालों का भी निरीक्षण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम से फेस्टिवल की शुरूआत हुई। इससे पहले आयोजकों ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। शनिवार दोपहर को शुरू हुआ कार्यक्रम रविवार तक चलेगा, जिसमें मशहूर गायक प्रव गिल, अली ब्रदर्स, अरमान बेदिल, रमालू राम, रिंकू मानसर वाला व अन्य अपने गानों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के निदेशक विवेकानंद राय, डीआईजी रामबन उदय बासक बिल्ला, डीसी उधमपुर इंदु कंबल चिव, डीसी रामबन मसरत उल इस्लाम, एसएसपी रामबन पीडी नित्या, पीडीए सीईओ शेर सिंह आदि मौजूद रहे।