फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रसैन गांव में जंगली जानवर ने हमला कर 15 वर्षीय युवती को किया गंभीर रूप से घायल

विज्ञापन
रामनगर में जंगली जानवर के हमले में घायल हुई युवती - फोटो : UDHAMPUR
विज्ञापन
उधमपुर/रामनगर। रामनगर तहसील के रसैन इलाके में शनिवार तड़के एक 15 वर्षीय किशोरी को एक जंगली जानवर ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे उपचार के लिए उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार पीड़ित आरती देवी पुत्री जगदीश चंद्र निवासी रसैन, रामनगर शनिवार को सुबह घर से निकली थी। घर के पास ही अचानक किसी जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया। युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर घरवाले फौरन मदद के लिए पहुंचे, जिससे जानवर किशोरी को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया। परिवार के सदस्यों ने किशोरी को गंभीर हालत में उपचार के लिए उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक किशोरी के चेहरे और गले पर गहरे जख्म हैं। उपचार के बाद अब उसकी हालत में सुधार है।
वहीं, किशोरी के पिता जगदीश चंद्र ने कहा कि घर के समीप हमला होते ही वह फौरन मदद के लिए पहुंच गए थे। लेकिन, अंधेरा होने के कारण वह हमलावर जानवर को देख नहीं पाए। इलाके में कई बार जंगली जानवर देखे गए हैं। कई भेड़-बकरियों व अन्य मवेशियों को भी उन्होंने शिकार बनाया है। लेकिन, जंगली जानवर का इंसान पर हमले का यह पहला मामला है। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
विज्ञापन

उन्होंने वन्यजीव विभाग से अपील की है कि तत्काल इस मामले का संज्ञान लेकर जंगली जानवरों को रिहायशी इलाकों से दूर रखने के इंतजाम किए जाएं, ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो सके।
-------
हाल ही में बढ़ी हैं जंगली जानवरों के हमले की दुर्घटनाएं
सर्दी शुरू होते ही जिले के अधिकतर ग्रामीण इलाकों में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ गया है। बीते कुछ सालों में चिनैनी, मजालता, जिब, रामनगर, पंचैरी व मोंगरी के कई रिहायशी इलाकों की तरफ जंगली जानवरों की आमद बढ़ी है। इन्होंने हर साल कई मवेशियों को निवाला बनाया है। लेकिन, अब इंसानों पर हमलों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस साल सर्दी की शुरूआत में ही अब तक कई वारदातें हो चुकी हैं। कुछ सप्ताह पहले ही तेंदुए ने पंचैरी तहसील में घर के बाहर खेल रहे एक बच्चे पर हमला किया था, जिसमें बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद बीते मंगलवार को मोंगरी तहसील के पंजर इलाके में जानवरों को चराकर लौट रहे एक युवक पर रीछ ने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। चिनैनी के लाटी क्षेत्र में भी कई मवेशी व इंसान जंगली जानवरों का शिकार बने हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें