कटड़ा। धर्मनगरी में 24 फरवरी से शुरू होने वाली कटड़ा प्रीमियर लीग में खेलने वाली टीमों ने सोमवार को अपनी वर्दी (जर्सी) लांच कीं। इस प्रतियोगिता में देश भर की 32 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सहयोग से उन्हीं के स्पोर्ट्स स्टेडियम में इस प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। वर्दियों के अनावरण के मौके पर एसडीपीओ कुलजीत सिंह ने कहा कि स्थानीय लोगों ने यह एक बहुत अच्छी शुरूआत की हैं। राज्य में पहली बार इतनी बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। इससे नई पीढ़ी के युवा और बच्चे खेल की ओर आकर्षित होंगे।
वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष विमल इंदु का कहना है कि कटड़ा में बच्चों के खेलने के लिए कोई मैदान नहीं है। श्राइन बोर्ड से कहा गया है कि स्पोर्ट्स स्टेडियम बच्चों के लिए हमेशा खुला रखें, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चों का ध्यान खेलने की ओर लगा रहे। इसके साथ ही नगर पालिका की ओर से शेर पुर के पास ही एक मैदान को मिनी स्टेडियम की तरह बनाने की कोशिश की जा रही है।
इस मौके पर केडीए व नपा सीईओ प्रीति शर्मा, नपा के पूर्व ईओ रवि शर्मा, भाजपा नेता रोहित दुबे, जिला यूथ प्रधान प्रभात सिंह, क्रिकेट क्लब अध्यक्ष बलि राम राणा, प्रधान सुनील डोगरा, अरुण शर्मा, राकेश शर्मा, भारत, आदि मौजूद रहे।
-----
देश भर से शामिल होंगी 32 टीमें
धर्मनगरी में 24 फरवरी से शुरू हो रही कटड़ा प्रीमियर लीग सीजन-2 में खेलने के लिए जम्मू, राजोरी, कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, आदि राज्यों से टीमें आ रही हैं। इसका फाइनल मैच जीतने वाली टीम को ट्राफी व पांच लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ तीन लाख रुपये की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।