उधमपुर। जन्माष्टमी पर्व को लेकर देविकानगरी का बाजार पतंग व मांजे के साथ सजने लगा है। शहर के विभिन्न हिस्सों में पतंगे बेची जा रही है और युवा व किशोर खरीदने में जुटे हुए है। वहीं पुलिस व प्रशासन ने गट्टू डोर बेचने वालों पर नजर रखी हुई। इस पर प्रशासन ने पूरी तरह से प्रतिबंध है।
गौरतलब है कि जन्माष्टमी के दिन बच्चे व युवा उत्साह के साथ पतंगबाजी करते हैं। इस दिन एक दूसरे की पतंग काटने की कड़ी प्रतिस्पर्धा रहती है। इसी को लेकर कई दिन पहले ही तैयारियां शुरू हो जाती है। सोमवार को जन्माष्टमी के दिन भी सुबह से शाम तक पतंगबाजी चलेगी। हालांकि युवाओं व बच्चों ने तो कई दिन पहले ही पतंग उड़ाना और पेच लड़ाना शुरू कर दिया है। इसी को लेकर बाजार भी सज गए हैं।
शहर के विभिन्न हिस्सों में दुकानों पतंग व डोर के सजा देखा जा सकता है। इन दुकानों पर युवाओं और बच्चों ने पतंगे खरीदना भी शुरू कर दिया है। कुछ तो जन्माष्टमी को लेकर तैयारी कर रहे हैं। खरीदारी तेज होने के बाद दुकानदारों के भी चेहरे खिल चुके हैं।
दुकानदारों का कहना है कि मौसम को देख कर लग रहा है कि इस बार पतंग व डोर का काम अच्छा रहेगा और आमदनी अच्छी होगी। वहीं गट्टू डोर को लेकर प्रशासन व पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। लगातार दुकानों में छोप मार डोर को जब्त किया जा रहा है और अब तो दुकानदारों को गिरफ्तार भी किया जा रहा है। बुधवार को 91 रोल के साथ एक दुकानदार को गिरफ्तार किया जा चुका है। दुकानदार की गिरफ्तारी के बाद अन्य दुकानदारों ने डोर बेचना बंद कर दिया है।