उधमपुर। ग्रामीण इलाकों का दौरा कर डीडीसी अध्यक्ष लाल चंद ने विभिन्न विभागों की ओर से चलाए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पंचायत गरनई, बडोला, नीली-नाला तथा जिब-(ए) इलाके में विकासात्मक गतिविधियों का निरीक्षण करने के साथ ही जनसमस्याएं सुनी। इससे पहले उन्होंने पंचायत गरनेई में बीडीसी अध्यक्ष बलवान सिंह, डीडीसी पार्षद आशु शर्मा, सरपंच विक्रम सिंह, सरपंच राकेश की उपस्थिति में पेयजल पाइप लगाने का शिलान्यास भी किया।
यह पाइप लाइन 5.00 लाख की लागत से डाली जाएगी। अध्यक्ष ने राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बडोला में तीन अतिरिक्त कमरों के निर्माण का शिलान्यास किया। डीडीसी अध्यक्ष ने पंचायत जिब-ए के मोड़ा थेड नालियां का भी दौरा किया और पीआरआई और क्षेत्र की आम जनता के साथ बातचीत की और उनकी मांगों और मुद्दों को धैर्यपूर्वक सुना। उन्हें आश्वासन दिया कि वह उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के साथ उठाएंगे और उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों विशेषकर युवाओं ने मांग की कि जिब चौक से थेड नलियां तक सड़क को चौड़ा और तारकोल डालकर तत्काल निर्माण किया जाए। डीडीसी अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि जिला विकास परिषद उधमपुर आम जनता की शिकायतों को कम करने के लिए हर संभव तरीके से काम कर रही है। बाद में उन्होंने पंचायत नीली नाला का दौरा किया और सरकारी स्कूल ढाणी में बन रहे दो अतिरिक्त क्लास रूम (एसीआर) के निर्माण की प्रगति का जायजा लिया।