उधमपुर। जिला अस्पताल के शिशु वार्ड में लावारिस नवजात को मंगलवार को चाइल्ड वेलफेयर सेंटर जम्मू भेज दिया गया है। इस दौरान अस्पताल स्टाफ और पुलिस कर्मियों ने बच्ची को नम आखों से विदाई दी। उधर, बच्ची को गोद लेने के लिए लोगों में होड़ लगी रही। दिनभर कई लोग इस संदर्भ में अस्पताल प्रशासन से संपर्क करते देखे गए।
तीन दिन पहले एक अज्ञात महिला ने बच्ची को जिला अस्पताल के शिशु वार्ड में छोड़ा दिया था। इसके बाद से पुलिस व अस्पताल प्रशासन की टीम बच्ची की देखभाल कर रही थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्ची को छोड़ने वाली महिला की तलाश शुरू कर दी है। जब बच्ची के बारे में लोगों को सूचना मिली तो वह उसे गोद लेने के लिए अस्पताल प्रशासन से संपर्क करते रहे। बच्ची को अब त्रिकुटा नगर (जम्मू) के स्थित चाइल्ड वेलफेयर सेंटर में रखा जाएगा। दोपहर के समय बच्ची को जिला अस्पताल से चाइल्ड वेलफेयर कमेटी उधमपुर के पास ले जाया गया, जहां प्रक्रिया के बाद उसे जम्मू भेज दिया।
60 दिन बाद ही कोई ले सकता है गोद
कानूनी प्रक्रिया के अनुसार 60 दिन तक कोई भी बच्ची को गोद नहीं ले सकता है। 60 दिन में पुलिस मामले की जांच करेगी और बच्ची की असली मां का पता लगाने का प्रयास करेगी। अगर इसमें कामयाबी नहीं मिलती है तो फिर बच्ची को गोद लेने के लिए उधमपुर की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पास आवेदन करना होगा। इसके बाद कमेटी निर्णय लेगी।