चिनैनी में तेज बारिश के दृश्य:- संवाद
- फोटो : UDHAMPUR
चिनैनी। बारिश न होने से मायूस लोगों के चेहरे पर रविवार को खुशी नजर आई। दिन भर तेज बारिश से क्षेत्र में जहां सूखी ठंड से राहत मिली, वहीं इस ओलावृष्टि से ठिठुरन में भी बढ़ोतरी हो गई।
शनिवार की देर रात से ही क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई थी, जो रविवार को भी जारी रही। हालांकि, नत्थाटॉप, जुगधार व शिवगढ़धार में इस पहली बारिश से हिमपात नहीं हो पाया है। यह स्थल दिन भर धुंध के आगोश में रहे। इन स्थलों पर ओले गिरे हैं, जबकि पटनीटॉप, कुद, चिनैनी व अन्य स्थानों पर भी ओलावृष्टि होने से ठंडी हवाएं चलने का दौर दिन भर जारी रहा। वहीं, चिनैनी के दूरदराज क्षेत्र में सियोजधार पर बर्फ गिरी है।
पटनीटॉप में अभी बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन देश के विभिन्न राज्यों के सैलानी पटनीटॉप में ताजा हिमपात की जानकारी जरूर ले रहे हैं। गौरतलब है कि कई सैलानियों ने पटनीटॉप की हसीन वादियों में क्रिसमस व नववर्ष मनाने के लिए एडवांस बुकिंग कर दी है। यदि, पटनीटॉप में इससे पहले बर्फ गिर जाती है तो सैलानियों की आमद में इजाफा हो जाएगा।