उधमपुर। जिले के विभिन्न हिस्सों में जंगलों में लगी आग पर काबू पाने में अब वन विभाग को सेना की मदद लेनी पड़ रही है। चढ़त पंचायत के बैंथ गांव के जंगल में मंगलवार देर रात आग लग गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वन विभाग की टीमों ने आग बुझाने के लिए प्रशासन से संपर्क किया। इसके बाद प्रशासन ने उत्तरी कमान में संपर्क कर सेना की मदद मांगी। सेना के डिफेंस फायर सर्विसेज के फायर फाइटर मौके पर पहुंचते ही आग बुझाने में जुट गए।
जानकारी अनुसार मंगलवार देर रात को चढ़त पंचायत के बैंथ गांव में अचानक जंगल में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के साथ एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गई। जिस स्थान पर आग लगी थी, उससे कुछ दूरी पर ग्रामीणों के घर भी थे। इसको लेकर एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची थी, लेकिन आग पर काबू पाना संभव नहीं हुआ।
वन विभाग ने जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी। जिला प्रशासन ने तुरंत उत्तरी कमान के साथ संपर्क कर मदद मांगी। उत्तरी कमान से 71 सब एरिया की आर्मी यूनिट के डिफेंस फायर सर्विसेज की एक टीम मौके पर रवाना कर दिया गया। इनके साथ एक जवानों की टीम भी भेजी गई। सेना की टीम ने रात भर मशक्कत कर सुबह तक आग पर काबू पा लिया और आग को रियाहशी इलाके तक पहुंचने से रोक दिया।
आग बुझाने में सेना की लेनी पड़ रही मदद
जिले के जंगलों में आग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है और इस पर काबू पाना अब वन विभाग के लिए भी संभव नहीं हो पा रहा है। हर रोज नए स्थान पर आग लगने की घटनाएं सामने आ रही है। ज्यादातर आग रात के समय लग रही है। आग लगने के कारणों के बारे में तो कुछ पता नहीं चल रहा है, लेकिन इस पर काबू पाने में अब सेना की मदद लेनी पड़ रही है।