उधमपुर। पहले की तरह एमएसपी के तहत किसानों को लाभ प्रदान करने व अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर किसानों ने बुधवार को भारतीय किसान संघ की जिला इकाई के बैनर तले रोष रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर रैली डीसी कार्यालय के बाहर संपन्न हुई, जहां किसानों ने डीसी को अपनी लंबित मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कहा कि सरकार को उनको एमएसपी की मांग को हर हाल में पूर करना होगा।
भारतीय किसान संघ के जिला प्रधान तारा चंद के नेतृत्व में किसानों ने मिनी स्टेडियम के बाहर से रोष रैली निकाली, जोकि गोल मार्केट, इंदिरा चौक, मुखर्जी बाजार, कोर्ट रोड, सलाथिया चौक से होकर डीसी कार्यालय के बाहर पहुंच कर संपन्न हुई। किसानों ने डीसी कार्यालय के बाहर भी कुछ समय रुक कर नारेबाजी की। प्रदर्शन में किसान संघ के प्रांतीय प्रधान पूर्ण चंद भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि देशभर में भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसान प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनके समर्थन में उधमपुर के किसान भी आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल की लागत के अनुसार लाभकारी मूल्य प्राप्त होने चाहिए। सरकार ने नए बिल में कई तरह के बदलाव किए हैं और इससे एमएसपी में किए बदलाव से किसान थोड़े चिंतित है। इसको पहले की तरह ही किया जाए।
जिला अध्यक्ष तारा चंद ने कहा कि किसानों को लागत से ज्यादा मूल्य की मांग की जा रही है। जो मुल्य केंद्र सरकार रेट तय कर रही है तो वह किसानों तक भी पहुंचना चाहिए। अगर कोई रेट कम करता है तो किसान उसका विरोध करते हैं। केंद्र सरकार को डीसी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया है। मांगें पूरी होने तक आवाज उठाते रहेंगे।