उधमपुर। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अब डॉक्टरों को शाम सात से रात 10 बजे तक बारी के हिसाब से ड्यूटी देनी होगी। इसके लिए तीन-तीन डॉक्टरों की छह टीमें बनाई गई हैं। इन्हें 11 अप्रैल से बदलाव की शुरूआत करनी होगी। यह आदेश शनिवार को सीएमओ ने जारी किया। साथ ही 30 अप्रैल तक का रोस्टर भी जारी कर दिया।
जिला अस्पतालों में शाम व रात को डॉक्टरों के उपलब्ध न होने के कारण अक्सर मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार डॉक्टरों के उपलब्ध न होने पर विवाद भी बने हैं। अन्य डॉक्टर न हों तो इमरजेंसी में तैनात एक डॉक्टर के लिए स्थिति को संभालना मुश्किल हो जाता है। वहीं, डॉक्टरों के अपने निजी क्लीनिक में बैठने की भी बात सामने आती है। लेकिन, अब डॉक्टरों को शाम सात से रात 10 बजे तक जिला अस्पताल में रहना होगा।
सीएमओ की तरफ से जारी किए लिखित आदेश में कहा गया है कि यह प्रक्रिया निदेशालय स्वास्थ्य सेवा जम्मू के निर्देश पर शुरू की जा रही है। जिला अस्पताल में इसके लिए डॉक्टरों की छह टीमें बनाई गई हैं। टीम ए में डॉ. कुलवंत शेखर, डॉ. प्रदीप सिंह और डॉ. विनोद गुप्ता को रखा गया है। यह टीम 11, 17, 23 और 29 अप्रैल को शाम सात से 10 बजे तक ड्यूटी देगी।
टीम बी में डॉ. एजाज अली, डॉ. आईपी सिंह और डॉ. अश्वनी मन्हास को रखा गया है। यह टीम 12, 18, 24 और 30 अप्रैल को जिला अस्पताल में ड्यूटी देगी। इसी तरह टीम सी में डॉ. सुनील क्यालु, डॉ. कुलभूषण बड़याल और डॉ. नीतिका को रखा गया है। इनकी टीम 13, 19 और 25 को शाम सात बजे से रात 10 बजे तक जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद रहेगी।
टीम डी में डॉ. दीपक कुमार, डॉ. बलविंद्र सिंह और डॉ. मनीषा लंगर को रखा गया है। यह टीम 14, 20 और 26 अप्रैल को मौजूद रहेगी। टीम ई में डॉ. आलोक रैना, डॉ. दीपक कौल और डॉ. ज्योति सकराल को रखा गया है। इनकी टीम को 15, 21 और 27 अप्रैल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, टीम एफ में डॉ. प्रकाश अत्री, डॉ. विनोद खजूरिया और डॉ. सुच गुप्ता शामिल हैं। ये 16, 22 और 28 को ड्यूटी देंगे। इन डॉक्टरों को तीन घंटे तक जिला अस्पताल में रह कर मरीजों की पूरी देखभाल करनी होगी।