चिनैनी। उपायुक्त इंदु कंबल चिब ने शनिवार को बेश्टी में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे की जगह का दौरा किया। इस दौरान स्थानीय लोगों की उन्होंने समस्याएं सुनी। इसी दौरान डीसी ने चिनैनी से सुद्धमहादेव और डोडा के लिए बन रही सड़क के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया।
चिनैनी आईं डीसी ने गौरीकुंड तक का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बेश्टी में रुक कर वहां हुए हादसे का जायजा लिया, और लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने कहा कि पेयजल समस्या के चलते लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। इसी समस्या के खिलाफ आवाज उठाते हुए लोगों को बेकाबू ट्रक ने कुचल डाला, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। पेयजल समस्या नहीं होती तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। लोगों ने बेश्टी में पेयजल समस्या दूर करने के अलावा मृतकों व घायलों को मुआवजा देने की मांग उठाई।
इसके बाद डीसी ने सड़क के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। चसकू, चलयाड़ व अन्य जगहों पर लोगों ने डीसी को बताया कि सड़क निर्माण कार्य के चलते लोगों की जमीनें बर्बाद हो गई हैं। इस पर वे कोई फसल नहीं लगा सकते। साथ ही कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर जलापूर्ति काफी समय से बंद है। और पाइप भी टूट गए हैं।
इस दौरे पर डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पंचायत और नगरपालिका प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की। नगरपालिका के प्रतिनिधियों ने बताया कि जो क्षेत्र नपा के अंतर्गत आता है, उस सड़क की मरम्मत चिनैनी सुद्धमहादेव सड़क निर्माण एजेंसी को करनी है। इसकी मरम्मत के साथ सड़क पर पानी का छिड़काव भी होने चाहिए, जिससे लोगों को परेशानी न हो। उधर, पंचायत प्रतिनिधियों ने हादसे के पीड़ितों को मुआवजा देने और पेयजलक जैसी समस्याओं को उठाया।
-------
दोनों बहुओं का हुआ अंतिम संस्कार
पेयजल की मांग के दौरान हादसे का शिकार हुई सावित्री व सृष्टा का शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार बैणी संगम में हुआ, जहां गांव के अलावा दूसरे गांव के भी भारी संख्या में लोग मौजूद थे। इस दौरान हर किसी की आंखें नम थीं, और हर कोई मृतकों के परिजनों को सांत्वना दे रहा था। पूर्व विधायक कृष्ण चंद्र भगत और पूर्व मंत्री हर्ष देव सिंह ने भी अंतिम संस्कार के दौरान मृतकों के परिजनों के साथ दुख प्रकट किया, और सरकार से मृतकों व घायलों को मुआवजा देने की मांग की।