उधमपुर। नगर परिषद जल्द ही बड़े शहरों की तर्ज पर उधमपुर में तीन प्रवेश द्वार तैयार करने जा रही है। ये द्वार बाहर से आ रहे यात्रियों का शहर में स्वागत करेंगे, और शहर से बाहर जाने वाले यात्रियों को यात्रा की शुभकामनाएं देंगे।
इन द्वारों से शहर की सुंदरता को बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। नगर परिषद ने इनके लिए 45 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इनमें से प्रत्येक द्वार पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विकास को ध्यान में रख कर नप ने शहर में तीन प्रवेश द्वार बनाने की योजना तैयार की है। पहली बार शहर में प्रवेश द्वार लगने जा रहे हैं। इनके लिए तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं।
पहला प्रवेश द्वार ओमाड़ा मोड़ इलाके में पुराने राजमार्ग पर लगाया जाएगा। ओमाड़ा मोड़ से नगर परिषद का दायरा शुरू हो जाता है। जब कटड़ा, जम्मू की ओर से लोग शहर में आएंगे तो इसी द्वार से शहर में प्रवेश करेंगे। तब ओमाड़ा मोड़ पर लगा यह द्वार यात्री का स्वागत करेगा। दूसरा द्वार जखैनी इलाके में लगाया जाएगा। कश्मीर, रामबन, बटोत, भद्रवाह, पटनीटॉप, किश्तवाड़, डोडा, आदि की ओर से आने वाले लोग इस द्वार से शहर में प्रवेश करेंगे।
तीसरा द्वार गोल मेला इलाके में धार रोड पर लगाया जाएगा। फोरलेन राजमार्ग और कठुआ, सांबा की तरफ से आने वाले लोगों का स्वागत उधमपुर शहर में यही द्वार करेगा।
-------
जब हम दिल्ली, अमृतसर जैसे शहरों में जाते हैं तो इनकी सीमा में प्रवेश करने पर बड़े-बड़े द्वार देखते हैं। उन पर लिखा होता है कि आपका इस शहर में स्वागत है। अब कुछ ऐसा ही उधमपुर में प्रवेश करने पर देखने मिलेगा। इसके लिए नगर परिषद ने योजना तैयार कर ली है। मेगा प्रोजेक्ट के तहत इसके लिए फंड उपलब्ध हो गया है। जल्द इनका काम शुरू होगा।
- सुरेंद्र सिंह खालसा, कार्यकारिणी प्रधान, नगर परिषद, उधमपुर