उधमपुर। शहर के भारत नगर व जखैनी में दो साल पहले नई पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया था, जो आज तक पूरा नहीं हो पाया है। जो पाइपें डाली गईं, वे भी नाले में जंग खा रही हैं, बावजूद इसके जलशक्ति विभाग की नींद नहीं खुल रही। हजारों रुपये की पाइप लाइन का काम अधर में लटका हुआ है। इससे गरमी शुरू होते ही शहर के कई हिस्सों में पानी की किल्लत बढ़ने लगी है।
भारत नगर के निवासियों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और पानी की किल्लत जल्द दूर करने की मांग की है। अब इस समस्या को लेकर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थानीय निवासी अमित वर्मा सहित अन्य ने बताया कि विभाग की लापरवाही के कारण हजारों रुपये की पाइपें नाले में खराब हो रही हैं, इनका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। इस बारे में कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई है। भारत नगर और जखैनी इलाके में पाइप लाइन डाली जानी थी, लेकिन काम को बीच में ही बंद कर दिया गया। लोगों को पानी के लिए बार-बार जलशक्ति विभाग के कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
------
दो वर्ष पहले भारत नगर और जखैनी में पुरानी पाइपों को बदलकर नई पाइपें लगाने का काम शुरू किया गया था। ठेकेदार ने बीच में ही काम को बंद कर दिया। नाले में पड़ी पाइपें ठेकेदार की हैं। कुछ दिन पहले ही उससे बात की गई और उसको जल्द काम पूरा करने के लिए कहा गया है।
- ताज चौधरी, एक्सईएन जलशक्ति विभाग