उधमपुर। शहर के साथ लगते लड्डन इलाके में सेरीकल्चर विभाग कार्यालय के रेशम कीट बीज उत्पादन केंद्र से संदिग्ध परिस्थितियों में कर्मचारी का शव बरामद हुआ है। कर्मचारी रात की ड्यूटी पर था। पुलिस ने संदिग्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रमेश चंद्र (50) पुत्र अमर नाथ निवासी घोरड़ी खास तहसील रामनगर लड्डन इलाके में रेशम कीट बीज उत्पादन केंद्र में रात की ड्यूटी पर तैनात था। सुबह करीब नौ बजे अन्य कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो अंदर से दरवाजा बंद था। सबने रमेश को बाहर से आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी समय तक साथी कर्मचारी रमेश को आवाज लगाते रहे।
इसके बाद लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना देने के साथ व्यक्ति के परिजनों को भी जानकारी दी। कुछ समय बाद रमेश का बेटा मौके पर पहुंचा। लोगों ने दरवाजा तोड़ अंदर का नजारा देखा तो सभी हैरान रह गए। अंदर रमेश का शव खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। कुछ समय बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के दौरान पाया की बाथरूम से बरामदे तक खून के धब्बे पड़े हैं। और, जहां रमेश की मौत हुई, वहां खून फैल गया है।
रमेश के सिर पर भी चोट का गहरा निशान नजर आ रहा है। कार्यालय के अंदर व बाहर आने जाने के लिए केवल एक ही दरवाजा है, जोकि अंदर से बंद था। बाथरूम में नल टूटा हुआ मिला है। ऐसा लग रहा है कि बाथरूम में नल से ही रमेश चंद्र को चोट लगी है। सृष्टा देवी नाम की महिला ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे उसकी मुलाकात रमेश से हुई थी। तब वह ठीक था और किसी तरह से परेशान भी नहीं लगा था।
आज सुबह अचानक ही उसका शव कार्यालय में पड़ा मिला है। मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य लड्डन पहुंचे, और रो रो कर सबकी हालत खराब है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया है।
उधमपुर के लड्डन में कर्मचारी की मौत की जांच के लिए पहुंची टीम- फोटो : UDHAMPUR