उधमपुर। जोहनू गांव में जोहनू दंगल कमेटी की तरफ से दंगल का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी माली पर कोट भलवाल के बब्बा पहलवान ने जीत दर्ज की। दंगल देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। दंगल में छोटी-बड़ी लगभग चालीस कुश्तियां करवाई गई। इस अवसर पर वॉलीबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे व भाजपा नेता स्वर्ण सिंह राठौर मुख्य अतिथि थे, जबकि राज कुमार बुच्चा तथा मोहम्मद सरबर चंदेल विशिष्ट अतिथि रहे।
दंगल की पहली बड़ी माली के लिए कोट भलवाल के बब्बा और होशियारपुर के बिल्लू पहलवान के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इसमें बब्बा पहलवान ने बिल्लू पहलवान को मात देकर बड़ी माली अपने नाम कर ली। दूसरी माली का मुकाबला हरियाणा के विकास व जम्मू के मुनीर पहलवान के बीच हुआ और इसमें मुनीर पहलवान ने विकास पहलवान को पटकनी दी।
दंगल की तीसरी माली का मुकाबला जम्मू के पहलवान माम सैन व हरियाणा के पहलवान मनजीत के बीच हुआ। इसमें मनजीत पहलवान ने जीत हासिल की। दंगल कमेटी के सदस्यों के अतिरिक्त गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।