उधमपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत डीजी एनसीसी और रक्षा मंत्रालय के तत्वावधान में जम्मू-कश्मीर दो एनसीसी गर्ल्स बटालियन के एनसीसी कैडेटों की तरफ से शहीद कैप्टन तुषार महाजन के प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सेना के जवानों, अधिकारियों व शहरवासियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में कै. तुषार के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।
एनसीसी बटालियन के कैडेटों और कर्मचारियों ने सफाई और रखरखाव के लिए उधमपुर में शौर्य चक्र विजेता कैप्टन तुषार महाजन की प्रतिमा को गोद लिया है। एनसीसी ने देश भर में 2187 प्रतिमाओं को अपनाकर सफाई की पहल की है। इस क्रम में शुक्रवार को उधमपुर स्थित कैप्टन तुषार महाजन की प्रतिमा की सफाई की गई। 2 जेएंडके गर्ल्स बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज फॉर वुमेन के एनसीसी कैडेटों ने कैप्टन तुषार महाजन को श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर कैप्टन तुषार महाजन के पिता देव राज गुप्ता, माता के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इनमें ब्रिगेडियर विक्रम रैना ग्रुप कमांडर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय जम्मू और प्रो मोनिका शर्मा प्रिंसिपल गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज फॉर वुमेन शामिल रहे। ब्रिगेडियर विक्रम रैना ग्रुप कमांडर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय ने वीर नायकों से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। गौरतलब है कि कैप्टन तुषार महाजन ने 21 फरवरी 2016 को पंपोर में आतंकवादियों से लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।