उधमपुर। सरकारी महिला कालेज में बुधवार को दो कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कालेज प्रशासन की तरफ से इन दोनों कर्मचारियों को घर में ही आइसोलेट रहने के आदेश जारी किए गए हैं। कर्मचारियों के संक्रमित पाए जाने के बाद कालेज को सैनिटाइज करने के बाद खोल दिया गया है।
जिले में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बड़े शिक्षण संस्थानों में भी कोरोना टेस्टिंग को तेज किया गया है। बुधवार को महिला कालेज में स्टाफ की टेस्टिंग की गई। रिपोर्ट में पता चला कि एक प्रोफेसर व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संक्रमित है। प्रिंसिपल मीनू महाजन ने बताया कि वीरवार को कालेज नियमित तरीके से खुलेगा और स्टाफ कालेज आएगा। कालेज को हर रोज सैनिटाइज किया जाता है।