ऊधमपुर: भारत नगर क्षेत्र में कुछ कोविड मामले आने पर क्षेत्र के एक हिस्से को किया गया कंटेनमैंट जो?
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के बीच उधमपुर के कुद बाजार में 34 तथा वार्ड 1 के भारत नगर के वातल मोहल्ले में पांच मामले पाए गए। उसके बाद इन दोनों क्षेत्रों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है।
एक बार कोरोना मुक्त हो चुके जिले में फिर से संक्रमण बढ़ने के बाद माइक्रो कंटोनमेंट जोन बनाने के हालात पैदा होने से स्वास्थ्य विभाग के साथ लोगों की चिंता बढ़ गई है। कुद बाजार और वार्ड 1 के प्रवेश द्वारों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर लॉकडाउन के साथ इन इलाकों में सभी प्रकार की आवाजाही और प्रतिष्ठानों को भी बंद कर दिया गया है। रैंडम सैंपलिंग में संक्रमित पाए जाने के बाद अन्य लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी गई है।
इसके अलावा इसके साथ सटे क्षेत्र को भी बफर जोन घोषित किया गया है। बिना मास्क के आवाजाही को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। संबंधित तहसीलदार, एसएचओ व टीएसओ को इन इलाकों में आवश्यक सामान की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपायुक्त इंदु कंवल चिब ने जरूरी निर्देशों के साथ इन दोनों क्षेत्रों को माइक्रो कंटेनमेंट क्षेत्र बनाए जाने का आदेश जारी किया गया है।
-----
नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
उपायुक्त की ओर से जारी आदेशानुसार कुद बाजार में जेकेटीडीसी डाक बंगला-2 के पास स्थित त्रिकुटा बार से अपर्णा गैस एजेंसी कुद, इसके साथ लगते गुरुद्वारा क्षेत्र और कुद मार्केट के पीछे मॉल रोड के पहाड़ी की तरफ वाले क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। इसके आसपास के क्षेत्र को बफर जोन घोषित कर जरूरी कोरोना नियमों को लागू किया गया है। कोई भी इस आदेश का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।