उधमपुर। देविकानगरी में सोमवार को मंडे मार्केट में कोविड प्रोटोकाल का दिन भर उल्लंघन होता रहा। पुलिस ने लोगों को समझाने के साथ चालान भी काटे, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए और भीड़ लगाकर खरीदारी में व्यस्त रहे। बाजार में हालात को संभालना अब पुलिस के लिए भी मुश्किल होता जा रहा है। वहीं जिले में बढ़ रहे संक्रमण के मामले चिंता का सबब बनते जा रहे हैं।
कोरोना की तीसरी लहर को लेकर लगातार चेतावनी दी जा रही है। सभी को कोविड प्रोटोकाल का पालन करने को जागरूक किया जा रहा है। लेकिन उधमपुर में लोग फिर भी मानने को तैयार नहीं है। सोमवार को गोल मार्केट में लगने वाली मंडे मार्केट का नजारा डराने वाला था। लगाई गई रेहड़ियों के पास हजारों की संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचे। दोपहर के समय तो भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई कि लोगों को पैदल चलने के लिए भी स्थान नहीं मिला।
गोल मार्केट में पुलिस के कुछ जवान भी तैनात किए गए थे। जवानों ने लोगों से भीड़ न लगाने के लिए अपील की, लेकिन कोई भी पुलिस की बात को मानने को तैयार नहीं हुआ। जवान बार बार लोगों से कोविड प्रोटोकाल का पालन करने की अपील करते रहे, लेकिन खरीदारी कर रहे लोग जवानों की आवाज को नजर अंदाज करते रहे। इसके बाद पुलिस ने बिना मास्क के खरीदारी करने वालों पर चालान काट कर कार्रवाई करना शुरू किया। लेकिन इसके बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं हुए।
मंडे मार्केट में सुबह से शाम तक खरीदारी होती रही और कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन भी होता रहा। बाजार में बढ़ रही भीड़ से जिले में हालात भी खराब होने की संभावना बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से जिले में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं और इससे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन भी चिंतित है। अब कुछ मामले शहर के अंदर भी सामने आ रहे हैं। पुलिस की एक टीम ने पुलिस स्टेशन के बाहर भी नाका लगाकर बिना मास्क के बाहर निकलने वाले लोगों के चालाक काटे।