उधमपुर। पल्तयाड़ नेहरु यूथ क्लब गढ़ी के कलाकारों ने ऑनलाइन आयोजित ऑल इंडिया ड्रामा प्रतियोगिता में हिंदी नाटक जंग-ए-कश्मीर का मंचन किया। नाटक का लेखन व निर्देशन सुदेश सुल्तानपुरी का है। और, संगीत रवि कुमार ने दिया।
जम्मू कश्मीर की ओर से जिला उधमपुर का यह इकलौता नाटक था, जो इस प्रतियोगिता में प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता में समूचे देश के जाने माने थिएटर ग्रुप ने भाग लिया। उधमपुर के कलाकारों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी शानदार अदाकारी प्रदर्शन कर जम्मू कश्मीर का नाम रोशन किया। कलाकारों ने बताया कि उक्त नाटक ‘जंग-ए-कश्मीर’ राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति पर आधारित था।
उन्होंने बताया कि नाटक में दिखाया गया कि किस तरह फौज विदेशी ताकतों का डट कर मुकाबला कर रही है। विदेशी ताकतें देश में माहौल खराब करने में लगी हुई हैं। आए दिन मासूम लोगों को अपना निशाना बनती रहती हैं। लेकिन, हमारे देश के वीर जवान अपनी जान की परवाह किए बिना दिन रात दुश्मनों का डट कर सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नाटक के अंत में दिखाया गया दृश्य सबको भावुक कर देता है। इसमें दिखाया गया कि जब एक फौजी तिरंगे में लिपटा हुआ घर पहुंचता है तो उसकी मां और बहन पर क्या गुजरती है? यह दृश्य देख कर आंखों से आंसू बहने लगते हैं। नाटक के सभी कलाकारों ने अपनी भूमिकाएं शानदार व ईमानदारी से निभाई। इसमें कलाकार अरुण कुमार, शितु सधोत्रा, विजय वीरू, मनोहर कुमार, राहुल कुमार, सर्वघ्या साना, स्वर्ण दीप, साहिल शर्मा, विनय शर्मा, रोहित कुमार, अनिल, आदि ने अभिनय किया।